अध्याय 4
एक अत्यंत मनमोहक महिला का परिचय
जॉर्ज लोमैक्स सीधे व्हाइटहॉल लौट आया। जिस भव्य कक्ष में वह राजकीय कामकाज निपटाता था, उसमें प्रवेश करते ही उसे कुछ खटपट सुनाई दी।
श्री बिल एवर्सली बड़ी तत्परता से पत्रों को फाइल में लगा रहे थे, किंतु खिड़की के पास रखी एक बड़ी आरामकुर्सी अभी तक किसी मानव-देह के स्पर्श से गरम थी।
बिल एवर्सली बड़ा ही मिलनसार युवक था। अनुमानतः पच्चीस वर्ष का, लंबा-चौड़ा और चाल-ढाल में कुछ बेढंगा; सुखद रूप से कुरूप चेहरा, चमचमाते सफेद दाँतों की शानदार पंक्ति और ईमानदार भूरी आँखों की एक जोड़ी।
“रिचर्डसन ने वह रिपोर्ट भेजी या नहीं?”
“नहीं, सर। क्या मैं उससे इस बारे में बात करूँ?”
“कोई बात नहीं। टेलीफोन पर कोई संदेश?”
“अधिकतर संदेश मिस ऑस्कर देख रही हैं। श्री आइज़ैकस्टीन जानना चाहते हैं कि क्या आप कल सेवॉय में उनके साथ रात्रिभोज कर सकते हैं।”
“मिस ऑस्कर से कहो कि मेरी मुलाकातों की डायरी देख लें। अगर मेरी कोई और व्यस्तता न हो, तो वह फोन करके निमंत्रण स्वीकार कर लें।”
“जी, सर।”
“हाँ, एवर्सली, तुम अभी मेरे लिए एक नंबर मिला सकते हो। डायरेक्टरी में देख लो। श्रीमती रेवेल, 487, पॉन्ट स्ट्रीट।”
“जी, सर।”
बिल ने टेलीफोन-डायरेक्टरी झपट ली, बिना देखे-समझे ‘एम’ वाले एक कॉलम पर नजर दौड़ाई, फिर धमाके से किताब बंद कर दी और मेज पर रखे टेलीफोन की ओर बढ़ा। उस पर हाथ रखते ही वह ऐसे ठिठक गया, मानो अचानक कुछ याद आ गया हो।
“ओह, सुनिए, सर, मुझे अभी-अभी याद आया। उनकी लाइन खराब है। मेरा मतलब, श्रीमती रेवेल की। मैं अभी उन्हें फोन करने की कोशिश कर रहा था।”
जॉर्ज लोमैक्स ने त्योरियाँ चढ़ाईं।
“परेशानी की बात है,” उसने कहा, “निश्चय ही बड़ी परेशानी की बात है।” उसने अनिर्णय की अवस्था में मेज थपथपाई।
“अगर कोई जरूरी बात है, सर, तो शायद मैं अभी टैक्सी लेकर वहाँ जा सकता हूँ। सुबह के इस समय वह घर पर जरूर होंगी।”
जॉर्ज लोमैक्स मामले पर विचार करता हुआ झिझका। बिल आशा भरी निगाहों से प्रतीक्षा करता रहा, मानो अनुकूल उत्तर मिलते ही उड़ जाने को तैयार हो।
“शायद यही सबसे अच्छा उपाय होगा,” अंततः लोमैक्स ने कहा। “ठीक है, टैक्सी लेकर वहाँ जाओ और श्रीमती रेवेल से पूछो कि क्या आज दोपहर चार बजे वह घर पर रहेंगी, क्योंकि मैं एक महत्त्वपूर्ण विषय में उनसे मिलने को बहुत उत्सुक हूँ।”
“ठीक है, सर।”
बिल ने अपनी टोपी उठाई और निकल गया।
दस मिनट बाद एक टैक्सी ने उसे 487, पॉन्ट स्ट्रीट पर उतार दिया। उसने घंटी बजाई और दरवाजे की साँकल पर जोर से खट-खट की। दरवाजा एक गंभीर मुखमुद्रा वाले सेवक ने खोला, जिसे बिल ने पुरानी जान-पहचान की सहजता से सिर हिलाकर अभिवादन किया।
“सुप्रभात, चिल्वर्स। श्रीमती रेवेल घर पर हैं?”
“मेरा खयाल है, सर, वह अभी बाहर जाने ही वाली हैं।”
“क्या तुम हो, बिल?” सीढ़ियों की रेलिंग के ऊपर से एक आवाज आई। “मुझे लगा ही था कि यह बलशाली दस्तक तुम्हारी है। ऊपर आओ और मुझसे बातें करो।”
बिल ने ऊपर उस चेहरे की ओर देखा, जो उसे देखकर हँस रहा था और जो सदा उसे—और केवल उसे ही नहीं—असंबद्ध ढंग से बड़बड़ाने की दशा में पहुँचा देता था। वह एक बार में दो-दो सीढ़ियाँ चढ़ गया और वर्जीनिया रेवेल के आगे बढ़े हुए हाथों को कसकर अपने हाथों में थाम लिया।
“हैलो, वर्जीनिया!”
“हैलो, बिल!”
आकर्षण बड़ी विचित्र वस्तु है; सैकड़ों युवतियाँ, जिनमें से कुछ वर्जीनिया रेवेल से अधिक सुंदर भी होंगी, ठीक उसी लहजे में “हैलो, बिल” कह सकती थीं, फिर भी उसका कोई प्रभाव न पड़ता। किंतु वर्जीनिया के मुख से निकले इन दो साधारण शब्दों का बिल पर अत्यंत मदहोश कर देने वाला प्रभाव पड़ा।
वर्जीनिया रेवेल ठीक सत्ताईस वर्ष की थी। वह लंबी और अद्भुत रूप से छरहरी थी—वास्तव में उसकी छरहरी देह पर एक कविता लिखी जा सकती थी, उसके अंगों का अनुपात इतना मोहक था। उसके बाल विशुद्ध कांस्यवर्णी थे, जिनकी सुनहरी आभा में हरापन झलकता था; उसकी छोटी-सी दृढ़ ठुड्डी, सुंदर नाक, तिरछी नीली आँखें थीं, जिनकी अधमुँदी पलकों के बीच गहरे नीलपुष्प-से रंग की चमक दिखाई देती थी, और एक मोहक, सर्वथा अवर्णनीय मुँह था, जिसका एक कोना किंचित ऊपर उठा रहता था—जिसे “वीनस का हस्ताक्षर” कहा जाता है। वह चेहरा अद्भुत रूप से भावपूर्ण था और उसके व्यक्तित्व में एक प्रकार की दीप्तिमान जीवंतता थी, जो सदा ध्यान आकर्षित करती थी। वर्जीनिया रेवेल की उपेक्षा करना सर्वथा असंभव था।
वह बिल को छोटे-से बैठकखाने में ले गई, जो हलके रंगों, जामुनी, हरे और पीले रंग से सजा था—मानो किसी मैदान में अचानक खिले क्रोकस के फूल हों।
“प्यारे बिल,” वर्जीनिया ने कहा, “क्या विदेश मंत्रालय को तुम्हारी कमी नहीं खल रही? मुझे तो लगा था कि वे तुम्हारे बिना काम ही नहीं चला सकते।”
“मैं तुम्हारे लिए कॉडर्स का संदेश लाया हूँ।”
बिल इसी अनादरपूर्ण ढंग से अपने प्रमुख का उल्लेख करता था।
“और हाँ, वर्जीनिया, अगर वह पूछे, तो याद रखना कि आज सुबह तुम्हारा टेलीफोन खराब था।”
“लेकिन वह तो खराब नहीं था।”
“मुझे मालूम है। मगर मैंने कहा कि वह खराब था।”
“क्यों? विदेश मंत्रालय की इस चाल का रहस्य तो मुझे समझाओ।”
बिल ने उसे उलाहना भरी नजर से देखा।
“इसलिए कि मैं यहाँ आकर तुमसे मिल सकूँ, और क्यों?”
“ओह, प्यारे बिल, मैं कितनी मंदबुद्धि हूँ! और तुम कितने प्यारे हो!”
“चिल्वर्स ने कहा था कि तुम बाहर जा रही हो।”
“हाँ, जा तो रही थी—स्लोन स्ट्रीट। वहाँ एक जगह है जहाँ बिलकुल कमाल का नया हिप बैंड आया है।”
“हिप बैंड?”
“हाँ, बिल, एच.आई.पी.—हिप, बी.ए.एन.डी.—बैंड। कूल्हों को बाँधकर रखने वाला बैंड। उसे सीधे त्वचा पर पहना जाता है।”
“वर्जीनिया, तुम्हारी बात सुनकर मुझे लज्जा आ रही है। तुम्हें अपने अंतर्वस्त्रों का वर्णन किसी ऐसे युवक के सामने नहीं करना चाहिए, जिससे तुम्हारा कोई रिश्ता न हो। यह शालीन नहीं है।”
“लेकिन प्यारे बिल, कूल्हों में कुछ भी अशोभनीय नहीं होता। हम सबके कूल्हे होते हैं—हालाँकि हम बेचारी स्त्रियाँ यह दिखाने की जी-तोड़ कोशिश कर रही हैं कि हमारे कूल्हे हैं ही नहीं। यह हिप बैंड लाल रबर का बना है और घुटनों से जरा ऊपर तक आता है, और इसे पहनकर चलना बिल्कुल असंभव है।”
“कितनी भयानक बात है!” बिल ने कहा। “तुम ऐसा करती ही क्यों हो?”
“ओह, क्योंकि अपनी देहयष्टि के लिए कष्ट सहने से मन में कितनी उदात्त भावना आती है। मगर छोड़ो, मेरे हिप बैंड की बात न करें। मुझे जॉर्ज का संदेश बताओ।”
“वह जानना चाहता है कि आज दोपहर चार बजे तुम घर पर रहोगी या नहीं।”
“नहीं रहूँगी। मैं रैनेलाह में रहूँगी। इतनी औपचारिक भेंट क्यों? तुम्हें क्या लगता है, वह मेरे सामने विवाह का प्रस्ताव रखने वाला है?”
“मुझे तो हैरानी नहीं होगी।”
“अगर ऐसा है, तो तुम उससे कह सकते हो कि मुझे वे पुरुष कहीं अधिक पसंद हैं, जो आवेग में आकर प्रस्ताव रखते हैं।”
“मेरी तरह?”
“तुम्हारे मामले में यह आवेग नहीं है, बिल। आदत है।”
“वर्जीनिया, क्या तुम कभी भी——”
“नहीं, नहीं, नहीं, बिल। सुबह-सुबह, दोपहर के भोजन से पहले मैं यह सब नहीं सुनूँगी। मुझे एक ऐसी भली, ममतामयी स्त्री समझने की कोशिश करो, जो प्रौढ़ावस्था के निकट पहुँच रही है और जिसके हृदय में तुम्हारे हित की पूरी चिंता है।”
“वर्जीनिया, मैं सचमुच तुमसे बहुत प्रेम करता हूँ।”
“जानती हूँ, बिल, जानती हूँ। और मुझे प्रेम किए जाने से बेहद प्रेम है। यह मेरी कितनी बुरी और भयानक बात है, है न? मैं चाहती हूँ कि संसार का हर अच्छा पुरुष मुझसे प्रेम करे।”
“मेरा खयाल है, उनमें से ज्यादातर करते भी हैं,” बिल ने उदासी से कहा।
“लेकिन मुझे आशा है कि जॉर्ज मुझसे प्रेम नहीं करता। मुझे नहीं लगता कि वह कर सकता है। वह अपने करियर से ही इतना विवाहित है। उसने और क्या कहा?”
“बस यही कि बात बहुत महत्त्वपूर्ण है।”
“बिल, अब मेरी उत्सुकता बढ़ रही है। जॉर्ज जिन बातों को महत्त्वपूर्ण समझता है, उनकी सीमा बड़ी संकुचित है। मुझे लगता है, मुझे रैनेलाह का कार्यक्रम रद्द कर देना चाहिए। आखिर मैं किसी भी दिन रैनेलाह जा सकती हूँ। जॉर्ज से कह देना कि चार बजे मैं बड़ी विनम्रता से उसकी प्रतीक्षा करूँगी।”
बिल ने अपनी कलाई-घड़ी देखी।
“दोपहर के भोजन से पहले वापस जाने का कोई खास लाभ नहीं लगता। चलो बाहर चलकर कुछ खा लें, वर्जीनिया।”
“मैं दोपहर का भोजन करने कहीं-न-कहीं बाहर जा रही हूँ।”
“उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। आज का पूरा दिन मेरे नाम कर दो और सारे कार्यक्रम रद्द कर दो।”
“यह काफी अच्छा रहेगा,” वर्जीनिया ने उसकी ओर देखकर मुसकराते हुए कहा।
“वर्जीनिया, तुम कितनी प्यारी हो। बताओ, तुम मुझे कुछ तो पसंद करती हो न? दूसरे लोगों से ज्यादा?”
“बिल, मैं तुम पर जान छिड़कती हूँ। अगर मुझे किसी-न-किसी से विवाह करना ही पड़े—बस, करना ही पड़े—मेरा मतलब, अगर यह किसी किताब में होता और कोई दुष्ट मंदारिन मुझसे कहता, ‘किसी से विवाह करो, वरना धीमी यातना देकर मार दी जाओगी,’ तो मैं फौरन तुम्हें चुन लेती—सचमुच चुनती। मैं कहती, ‘मुझे छोटा-सा बिल दे दो।’”
“तो फिर——”
“हाँ, लेकिन मुझे किसी से विवाह करना जरूरी नहीं है। मुझे एक दुष्ट विधवा बने रहना बहुत अच्छा लगता है।”
“तुम तब भी यही सब कर सकती हो। घूमना-फिरना और बाकी सब। घर में तुम्हें मेरी मौजूदगी का शायद ही पता चलेगा।”
“बिल, तुम समझते नहीं। मैं उन लोगों में से हूँ, जो अगर विवाह करते हैं, तो पूरे उत्साह से करते हैं।”
बिल ने खोखली-सी कराह भरी।
“मेरा खयाल है, किसी दिन मैं खुद को गोली मार लूँगा,” वह उदासी से बुदबुदाया।
“नहीं, तुम ऐसा नहीं करोगे, प्यारे बिल। तुम किसी सुंदर लड़की को रात्रिभोज कराने ले जाओगे—जैसे परसों रात ले गए थे।”
श्री एवर्सली क्षणभर के लिए सकपका गए।
“अगर तुम्हारा मतलब डोरोथी किर्कपैट्रिक से है, उस लड़की से जो हुक्स ऐंड आइज़ में काम करती है, तो मैं—अरे, भाड़ में जाए सब, वह बहुत ही भली लड़की है, जितनी खरी कोई हो सकती है उतनी ही खरी। इसमें कोई बुराई नहीं थी।”
“प्यारे बिल, बेशक इसमें कोई बुराई नहीं थी। मुझे अच्छा लगता है कि तुम आनंद करो। बस, टूटे दिल से मरने का ढोंग मत किया करो।”
श्री एवर्सली ने अपना गौरव फिर सँभाल लिया।
“तुम बिल्कुल नहीं समझतीं, वर्जीनिया,” उसने गंभीरता से कहा। “पुरुष——”
“बहुपत्नीवादी होते हैं! मुझे मालूम है। कभी-कभी मुझे प्रबल संदेह होता है कि मैं बहुपतिवादी हूँ। अगर तुम सचमुच मुझसे प्रेम करते हो, बिल, तो मुझे जल्दी से दोपहर का भोजन कराने ले चलो।”